माध्यमिक शिक्षा उपनिदेशक ने किया पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय अरूवां कुचाई का औचक निरीक्षण, पीएम श्री विद्यालयों का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास-अल्का जायसवाल
kuchai
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर गुरुवार को माध्यमिक शिक्षा उपनिदेशक अल्का जायसवाल ने कुचाई प्रखंड स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, अरूवां का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अभिलेखों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से पठन-पाठन से जुड़े प्रश्न पूछे।

उन्होंने आईसीटी लैब, इंटीग्रेटेड लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, एफएलएन कक्ष, रसोईघर, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।

अल्का जायसवाल ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार पीएम श्री विद्यालयों का जिलावार स्थलीय निरीक्षण कराया जा रहा है। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर सरकार विद्यालयों के बेहतर संचालन एवं विकास की आगामी कार्ययोजना तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों को चरणबद्ध तरीके से आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप इन विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण, समावेशी, न्यायसंगत एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत स्मार्ट कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं, डिजिटल शिक्षा, हरित एवं स्वच्छ परिसर तथा दिव्यांगजन-अनुकूल आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, आलोचनात्मक चिंतन एवं कौशल विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है।

उपनिदेशक ने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुभवात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, स्थानीय कला-संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, खेलकूद तथा व्यावसायिक शिक्षा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में ड्रिंकिंग वाटर, टॉयलेट, हैंडवॉशिंग सुविधा, बिजली व्यवस्था, एफएलएन कक्ष, कंप्यूटर लैब, वोकेशनल शिक्षा, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, खेल सुविधाएं, इको क्लब, क्षमता संवर्धन कार्यक्रम, करियर काउंसिलिंग, सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण, चाइल्ड ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर, बैगलेस डे, सुरक्षा व्यवस्था, स्कूल बैंड, बाल संसद तथा प्रार्थना सभा सहित विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उपनिदेशक ने विद्यालय प्रबंधन को गतिविधिवार पूरे शैक्षणिक वर्ष का वार्षिक कैलेंडर तैयार करने, स्कूल की वेबसाइट विकसित करने तथा स्कूल मैगजीन का नियमित प्रकाशन शुरू करने का सुझाव दिया। इसके अलावा विद्यालय के शैक्षिक, वित्तीय, सामान्य प्रशासनिक, उपकरण एवं पत्राचार संबंधी अभिलेखों की भी जांच की गई। इस अवसर पर एडीपीओ अल्का लकड़ा, एपीओ जोन मथू, पवन मोदक, तरुण कुमार सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित थे।
