खरसावां के आमदा में दो बाइकों की टक्कर, 17 वर्षीय युवक गंभीर
दुर्घटना के बाद घायल को सड़क पर छोड़कर साथी फरार, डॉक्टर ने अपने खर्च से मंगाई सेलाइन
Kharsawan
खरसावां-चाईबासा मुख्य सड़क पर आमदा स्थित निर्माणाधीन 500 बेड के अस्पताल के समीप शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में खरसावां के डुबरायडीह गांव निवासी 17 वर्षीय शिवा पड़िया, पिता दुबराई पड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार शिवा पड़िया अपने दो साथियों के साथ स्प्लेंडर प्लस बाइक से मेला देखने चाईबासा गया था। दोपहर बाद तीनों बाइक से वापस खरसावां लौट रहे थे। इसी दौरान आमदा स्थित निर्माणाधीन 500 बेड के अस्पताल के समीप बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि दुर्घटना के बाद शिवा के दोनों साथी उसे घायल अवस्था में सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर आमदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां पहुंचाया।
अस्पताल में सेलाइन नहीं, डॉक्टर ने अपने खर्च से मंगाई
सीएचसी खरसावां में चिकित्सक डॉ. अर्जुन सोरेन ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। बताया गया कि अस्पताल में तत्काल सेलाइन उपलब्ध नहीं थी। ऐसी स्थिति में चिकित्सक ने अपने स्तर से पैसा खर्च कर बाहर मेडिकल स्टोर से सेलाइन मंगाई और घायल को चढ़ाया। प्राथमिक उपचार के बाद शिवा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला रेफर कर दिया गया।
इधर, घटना की सूचना के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना के समय बाइक कौन चला रहा था और घायल युवक के दोनों साथी उसे मौके पर छोड़कर क्यों फरार हुए।
