सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़,
‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा खरसावां-कुचाई, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक,
Kharsawan
सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को खरसावां-कुचाई प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘ओम नमः शिवाय’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। खरसावां के रामगढ़ स्थित ऐतिहासिक बड़ा शिव मंदिर सहित खरसावां, पदमपुर, कुचाई, आमदा और बड़ाबाम्बो क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। भक्तों ने बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध और जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नदी और तालाबों से जल लेकर पहुंचे शिवभक्त
सावन की अंतिम सोमवारी को बड़ी संख्या में शिवभक्त सोना नदी के विभिन्न घाटों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों से जल लेकर शिवालय पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और भगवान शिव की आराधना की। कई श्रद्धालुओं ने पूरे दिन उपवास रखकर भोलेनाथ की पूजा की। इनमें महिलाओं और युवतियों की संख्या भी काफी रही।
भक्ति गीतों से गूंजता रहा क्षेत्र
शिवालयों में पूजा-अर्चना के दौरान भक्ति गीतों और जयकारों की गूंज से माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा। मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं ने भोग-प्रसाद चढ़ाया और परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की। रामगढ़ बड़ा शिव मंदिर में भी महिलाओं समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे।
