चांडिल में डकैती कांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार; 24 लाख के जेवरात बरामद
कुरियर कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी ने साथियों के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम, एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़ा
32 पीस ब्रिटिश कालीन चांदी के सिक्के, 80 ग्राम सोना और 5142 ग्राम चांदी समेत अन्य सामान बरामद,
Chandil
सरायकेला-खरसावां जिले की चांडिल थाना पुलिस ने डकैती कांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, ब्रिटिश कालीन चांदी के सिक्के, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार महतो और त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में कुरियर कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9-10 अक्टूबर की मध्यरात्रि चांडिल थाना क्षेत्र में चांडिल बस स्टैंड के समीप वादी पूर्व आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के आवास में अज्ञात अपराधकर्मी घर में प्रवेश कर परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में चांडिल थाना कांड संख्या 137/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया।
कुरियर कर्मचारी ने रची थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार राहुल कुमार महतो (27 वर्ष), पिता मंदु महतो, निवासी सुकसारी, थाना चांडिल, एक कुरियर कंपनी में घर-घर जाकर पार्सल पहुंचाने का काम करता था। पूछताछ में उसने वर्ष 2022-2023 में वादी के घर पर पार्सल पहुंचाने के दौरान घर की बनावट और आभूषणों से संबंधित जानकारी मिलने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, उसने अपने सहयोगी मोहिद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की गई। जांच के दौरान धनबाद जिले के बरवारा थाना क्षेत्र से त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार (57 वर्ष), पिता लखन लाल स्वर्णकार, निवासी हारीना, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह लूटे गए आभूषणों के खरीदार के रूप में सामने आया।
ब्रिटिश कालीन सिक्के समेत भारी मात्रा में चांदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 पीस ब्रिटिश कालीन चांदी के सिक्के, 80 ग्राम गलाया हुआ सोना, 5142 ग्राम गलाया हुआ चांदी, 11 पीस छोटे-बड़े चांदी के पायल, दो पीस पायल के आकार का कड़ा, दो पीस मोबाइल फोन और हीरो होंडा कंपनी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार राहुल कुमार महतो के खिलाफ चांडिल थाना में पहले से एक मामला दर्ज है। वहीं, त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश और आगे की जांच में जुटी है।
