गलत पार्किंग पर प्रशासन सख्त, 27 वाहनों पर कार्रवाई; नशे में वाहन चलाने पर दो गाड़ियां जब्त, बाईपास चौक से कुजू पुल रोड तक चला विशेष जांच अभियान, होटल-गैरेज और ढाबा संचालकों को भी चेतावनी,
Chaibasa
चाईबासा: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और सड़क सुरक्षा टीम ने बाईपास चौक से कुजू पुल रोड तक विशेष वाहन जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस संयुक्त अभियान के दौरान गलत और खतरनाक तरीके से पार्किंग करने वाले 27 वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाने के मामले में दो वाहनों को जब्त किया गया।
अभियान में यातायात प्रभारी संतोष कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार और सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य शामिल रहे। जांच के दौरान सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
सड़क पर गलत पार्किंग से बढ़ता है दुर्घटना का खतरा
जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने भारी वाहन चालकों को सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर निर्धारित नियमों के विपरीत और विपरीत दिशा में वाहनों की पार्किंग करने से यातायात बाधित होता है। इससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
होटल, गैरेज और ढाबा संचालकों को चेतावनी
अभियान के दौरान सड़क किनारे स्थित होटल, गैरेज और ढाबा संचालकों को भी अपने प्रतिष्ठानों के आसपास गलत तरीके से वाहनों की पार्किंग नहीं होने देने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों, चालकों और संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा
संयुक्त जांच अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने के मामले में दो वाहनों को जब्त किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है।
जिला प्रशासन और सड़क सुरक्षा टीम ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की। अधिकारियों ने संकेत दिया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
