अवैध पार्किंग पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 22 भारी वाहनों पर 1.44 लाख जुर्माना, आदित्यपुर, गम्हरिया व कांड्रा क्षेत्र में चला सघन जांच अभियान, चालकों को सुरक्षित पार्किंग की सख्त हिदायत
Seraikella
सरायकेला। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश पर गुरुवार को जिला परिवहन पदाधिकारी शंकरचार्य सामद के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने आदित्यपुर, गम्हरिया, कांड्रा सहित प्रमुख सड़क मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और अन्य प्रतिबंधित स्थानों पर अवैध रूप से खड़े 22 भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों से कुल 1 लाख 44 हजार 950 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की सख्त हिदायत दी गई।
परिवहन विभाग ने बताया कि मुख्य सड़क अथवा सड़क किनारे भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इससे जाम की स्थिति उत्पन्न होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर रात के समय सड़क किनारे खड़े भारी वाहन अन्य वाहन चालकों के लिए गंभीर सुरक्षा जोखिम बन सकते हैं।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे मुख्य सड़क, सड़क किनारे अथवा ऐसे स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करें, जहां से यातायात प्रभावित हो। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जिले में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
