चांडिल में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 400 किलो जावा महुआ व 40 लीटर चुलाई शराब बरामद, नदी किनारे संचालित अवैध चुलाई अड्डा ध्वस्त, संचालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
Seraikella
चांडिल। उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को उत्पाद विभाग की टीम ने चांडिल थाना क्षेत्र के डोवो कड़ीपत्थर गांव में नदी किनारे संचालित एक अवैध चुलाई अड्डे पर छापेमारी कर उसे ध्वस्त कर दिया।
उत्पाद विभाग को अवैध शराब निर्माण की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने 6 अक्टूबर को डोवो कड़ीपत्थर स्थित नदी किनारे विधिवत छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से 400 किलोग्राम जावा महुआ और 40 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई अड्डे को ध्वस्त करते हुए बरामद शराब एवं जावा महुआ को उत्पाद विभाग की टीम ने विधिवत जब्त कर लिया। विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, अवैध चुलाई अड्डे के संचालक के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। खासकर ग्रामीण एवं नदी किनारे के इलाकों में अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर विभाग की निगरानी बढ़ाई जा रही है।
