दुर्गा पूजा से पहले शराब की अड्डेबाजी पर प्रशासन सख्त
गम्हरिया-आदित्यपुर में उत्पाद विभाग व पुलिस का संयुक्त अभियान, सार्वजनिक स्थलों से हटाए गए शराब सेवन करने वाले
Adityapur
दुर्गा पूजा को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर शराब की अड्डेबाजी पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार की शाम उत्पाद विभाग और गम्हरिया थाना की संयुक्त टीम ने छोटा गम्हरिया एवं ऊषा मार्टिन क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे संचालित होटल एवं खाद्य स्टॉल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि उनके प्रतिष्ठानों के आसपास अनावश्यक भीड़ या शराब की अड्डेबाजी को बढ़ावा नहीं दिया जाए। सार्वजनिक स्थानों और मैदानों में शराब का सेवन कर रहे लोगों को भी वहां से हटाया गया। टीम ने संबंधित क्षेत्रों में स्थिति का जायजा लेते हुए संचालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

वहीं, आदित्यपुर थाना क्षेत्र के केडिया लाल बिल्डिंग और बिको मोड़ इलाके में भी पुलिस एवं प्रशासनिक टीम ने गश्त कर स्थिति का निरीक्षण किया। पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
अड्डेबाजी मिली तो होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों, होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों के आसपास शराब की अड्डेबाजी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे स्थानों पर नियमित निगरानी और अभियान जारी रहेगा। अड्डेबाजी में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की है। साथ ही शराब की अड्डेबाजी अथवा किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को देने की अपील की गई है।
