औद्योगिक इलाकों में ट्रकों की मनमानी पर कसेगा शिकंजा, व्यवस्थित पार्किंग के निर्देश, उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने की सड़क सुरक्षा की उच्चस्तरीय समीक्षा, मुख्य सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग रोकने का निर्देश
चिलियामा में रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर ट्रकों के जमावड़े पर हुई चर्चा, राजनगर में ट्रॉमा सेंटर प्रस्ताव की भी समीक्षा
Seraikella
सरायकेला। जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों के बेतरतीब ठहराव और उससे प्रभावित हो रहे यातायात को लेकर प्रशासन ने सख्ती का संकेत दिया है। सोमवार को सरायकेला परिसदन सभागार में उद्योग सचिव, झारखंड सरकार अरवा राजकमल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात परिचालन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी, उद्योग विभाग की उप सचिव प्रीति रानी, जीएमडीआईसी रविशंकर प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर ट्रकों के जमावड़े पर चर्चा
झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के आलोक में हुई बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। चिलियामा क्षेत्र में रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर मुख्य सड़क पर ट्रकों के खड़े रहने से संबंधित जनहित याचिका के संदर्भ में भी आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा हुई।

उद्योग सचिव ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में आने वाले भारी वाहनों के लिए पर्याप्त और सुव्यवस्थित पार्किंग उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कहा गया कि पार्किंग की समुचित व्यवस्था होने से मुख्य सड़कों पर वाहनों के अनावश्यक ठहराव को कम किया जा सकेगा और यातायात को सुरक्षित व सुचारु बनाया जा सकेगा।
पार्किंग में चालक सुविधाओं पर भी जोर
राजनगर में रूंगटा माइंस की पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान पार्किंग स्थल को व्यवस्थित रखने और वाहन चालकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वाहनों के सुरक्षित ठहराव और पार्किंग स्थल के भीतर सुचारु आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सड़कों पर अनधिकृत या अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित नहीं हो, इसके लिए संबंधित विभागों को नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस, परिवहन विभाग, प्रशासन और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को आपसी समन्वय से यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
राजनगर सीएचसी में ट्रॉमा सेंटर प्रस्ताव की समीक्षा
राजनगर दौरे के दौरान उद्योग सचिव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान डेडिकेटेड ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव की समीक्षा की गई। दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और प्रस्ताव के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। औद्योगिक इकाइयों को अपने परिसर में भारी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग और चालक सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी, ताकि मुख्य सड़कों पर वाहनों का अनावश्यक जमावड़ा न हो।
