सरायकेला के दुगनी आर्चरी अकादमी की बदलेगी तस्वीर, इंडोर ग्राउंड का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश, हाईमास्ट लाइट, साफ-सफाई समेत खिलाड़ियों की समस्याओं का लिया जायजा, जल्द समाधान का दिया भरोसा
Seraikella
खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड के निदेशक छवि रंजन ने सोमवार को सरायकेला के दुगनी स्थित आर्चरी अकादमी का निरीक्षण कर वहां की खेल सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे तीरंदाजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अकादमी की बुनियादी समस्याएं भी निदेशक के समक्ष रखी गईं। बताया गया कि बिजली बिल के बकाए के कारण परिसर में लगा हाईमास्ट लाइट लंबे समय से बंद है।

इसके अलावा अकादमी परिसर के आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे खिलाड़ियों को परेशानी हो रही है। पर्याप्त आवंटन के अभाव में नियमित साफ-सफाई नहीं हो पाने की बात भी सामने आई। निदेशक छवि रंजन ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अकादमी की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इंडोर आर्चरी ग्राउंड के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश
निदेशक ने मौके पर मौजूद उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार को दुगनी में इंडोर आर्चरी ग्राउंड विकसित करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। साथ ही हैंडिक्राफ्ट तीरंदाजों के प्रशिक्षण के लिए अलग व्यवस्था शुरू करने को लेकर भी सप्रस्ताव तैयार करने को कहा।

उन्होंने प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान आने वाली अन्य कठिनाइयों की जानकारी भी ली और खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं को विकसित करने पर जोर दिया। निदेशक ने कहा कि अकादमी में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का माहौल उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार, आर्चरी प्रशिक्षक बीएस राव, रजनी पात्रा, हिमांशु मोहंती, फुटबॉल प्रशिक्षक बलराम महतो, संजय सुंडी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
