आनंद सिंह सरदार हत्याकांड में आरोपी गिरफ्तार, चौका थाना क्षेत्र के तुलग्राम में हथियार से हत्या का आरोप, खून लगा हथियार बरामद
Choka
चौका थाना क्षेत्र के तुलग्राम में आनंद सिंह सरदार की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा हथियार भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में चौका थाना कांड संख्या 44/2026, दिनांक 17 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 351(2) एवं 331(4) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस को दिए लिखित आवेदन में तुलग्राम निवासी दुर्गा चरण सरदार (करीब 45 वर्ष), पिता स्व. भुट्टी सिंह सरदार ने आरोप लगाया था कि तुलग्राम निवासी मधु सिंह सरदार, पिता भुवन सिंह सरदार ने उनके बड़े पिताजी आनंद सिंह सरदार की हथियार से हत्या कर दी।
रात में आरोपी के घर पहुंची पुलिस
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त मधु सिंह सरदार (34 वर्ष), पिता भुवन सिंह सरदार, ग्राम तुलग्राम, पोस्ट बानसा, थाना चौका, जिला सरायकेला-खरसावां को 18 सितंबर की रात गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त खून लगा हथियार बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 19 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अंजन प्रसाद तथा सहायक अवर निरीक्षक क्षीर प्रसाद यादव सहित चौका थाना के सशस्त्र बल की भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
