मनोहरपुर में सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने किया गणेश पूजा पंडाल एवं मेले का उद्घाटन
-गणेश पूजा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक : जोबा माझी
-परंपरा के साथ शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील : जगत माझी
Seraikella
मनोहरपुर : मनोहरपुर के प्रसिद्ध गणेश पूजा पंडाल एवं मेले का सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी तथा विशिष्ट अतिथि मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पूजा पंडाल एवं मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रूप गणेश पूजा समिति के संरक्षक सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी एवं अन्य अतिथियों ने भगवान गणपति की विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इससे पूर्व अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर एवं बाजे-गाजे के साथ स्वागत किया गया।

सांसद जोबा माझी ने अपने संबोधन में कहा कि गणेश पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर भी है। मनोहरपुर का गणेश पूजा मेला वर्षों से क्षेत्र के लोगों को एकजुट करने का कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समुदायों के लोग मिलकर इस पर्व को मनाते हैं, जो क्षेत्र की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का परिचायक है। उन्होंने लोगों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणपति सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं। सांसद ने पूजा समिति और आयोजन से जुड़े लोगों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की। विधायक जगत माझी ने कहा कि मनोहरपुर का गणेश पूजा मेला क्षेत्र की पुरानी और लोकप्रिय परंपराओं में शामिल है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता की पहचान हैं। गणेश पूजा के माध्यम से लोगों में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव का संदेश जाता है। उन्होंने सभी लोगों से मिल-जुलकर शांतिपूर्ण एवं पारंपरिक तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। विधायक ने कहा कि आयोजन में स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने से क्षेत्र की कला एवं संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है। उद्घाटन के पश्चात सांसद जोबा माझी एवं विधायक जगत माझी ने पूजा पंडाल एवं मेले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात की। मेले में स्थानीय लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मालूम हो कि मनोहरपुर का 14 दिवसीय गणेश पूजा मेला क्षेत्र का प्रसिद्ध मेला है। प्रत्येक वर्ष यहां गणेश पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या जुटती है। पूजा के साथ मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, मनोरंजन के साधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं। मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला परिषद सदस्य जय प्रकाश महतो, मनोहरपुर पूर्वी पंचायत की मुखिया पूजा कुजूर, नंदपुर की मुखिया सुशीला संवैया, उप प्रमुख दीपक एक्का, बंधना उरांव, सत्यनारायण हरलालका, बामिया माझी, अकबर खान, अश्विनी बघेल, गुरविंदर भाटिया, मुकेश रजक, चंचल रवानी, बसंत हरलालका, विक्रम सिंह, निखिल साह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में काफी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।
