तेज रफ्तार बाइक ने 14 वर्षीय अमन को रौंदा, मौके पर मौत
राजबांध हनुमान मंदिर के पास हादसा, आक्रोशित लोगों ने बाइक सवार को पकड़ा और की पिटाई; सड़क जाम
Seraikella
सरायकेला। राजबांध हनुमान मंदिर के समीप मुख्य सड़क पर शनिवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर अमन अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार को लोगों के कब्जे से लेकर हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, कमालपुर गांव निवासी अमन अंसारी अपने बड़े भाई परवेज से मिलने राजबांध स्थित उनकी वेल्डिंग दुकान पर आया था। इसी दौरान वह मुख्य सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया गया कि किशोर को टक्कर मारने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही मैक्सिमो यात्री गाड़ी से भी टकरा गई। घटना के बाद बाइक सवार मौके से भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और आक्रोश में उसकी पिटाई कर दी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और बाइक सवार को अपने कब्जे में ले लिया गया।
इधर, 14 वर्षीय अमन की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस मौके पर लोगों को समझाने तथा जाम हटाकर यातायात सामान्य कराने के प्रयास में जुटी रही।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
