खूंटपानी उद्यान महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मना शिक्षक दिवस,
“आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हमें सूचना देता है, शिक्षक हमें सोचना सिखाते हैं-अदिति कुमारी
khutpani
खूंटपानी उद्यान महाविद्यालय, खूंटपानी मे भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा भव्य एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों के अमूल्य योगदान, मार्गदर्शन एवं समर्पण के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर बैच 2025–26 की छात्रा अदिति कुमारी एवं बैच 2023–24 की छात्रा स्वाति कुमारी ने अपने विचार एवं संबोधन प्रस्तुत करते हुए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

अपने संबोधन में अदिति कुमारी ने कहा कि आज इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में भी शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हमें सूचना देता है, जबकि शिक्षक हमें सोचना सिखाते हैं।” उन्होंने कहा कि तकनीक हमें ज्ञान एवं सूचनाओं तक पहुंच प्रदान कर सकती है, लेकिन सही दिशा में सोचने, निर्णय लेने और जीवन-मूल्यों को समझने की प्रेरणा शिक्षक ही प्रदान करते हैं। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। बैच 2022–23 की छात्राओं साक्षी तिवारी, श्रुति कुमारी एवं मधु कुमारी की सामूहिक नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के वैज्ञानिकों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व तथा जीवन में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके प्रति अपनी श्रद्धा, सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन पूजा कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बादल कुमार बेक द्वारा किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
