खरसावां के आमदा मे आभूषण चोरी मामले में पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार; दो लाख के जेवर व मोबाइल बरामद
kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिले में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत खरसावां के आमदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आमदा ओपी क्षेत्र के गुलगुलिया बस्ती में छापेमारी कर आभूषण चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं पुलिस निरीक्षक सरायकेला के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने 30 अगस्त 2026 को गुलगुलिया बस्ती, आमदा में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी तुलु मोदी उर्फ दुर्गा (करीब 22 वर्ष), पति अरुण मोदी उर्फ बीपे मोदी, निवासी गुलगुलिया बस्ती आमदा, थाना खरसावां को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि घर की तलाशी के दौरान टीना के बक्से के पीछे जमीन से पीला रंग का झोला बरामद हुआ। झोले में कपड़े की जरी/पोटली में प्लास्टिक की पोटली मिली, जिसमें चांदी जैसे दिखने वाले कई आभूषण रखे थे। पूछताछ में आरोपी द्वारा उक्त आभूषणों को सिटी गोल्ड का बताया गया।
तलाशी के दौरान दो बक्सों से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक मोबाइल एवं आभूषण के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने पति अरुण मोदी उर्फ बीपे मोदी के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से चोरी करने की बात पुलिस को बताई।
मामले में खरसावां थाना कांड संख्या 41/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 के तहत धारा 317(2)/317(4)/317(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी तुलु मोदी उर्फ दुर्गा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने बरामद सामान में चांदी के पायल, गले का चेन, बच्चे के हाथ का चांदी का बेरा, बिछिया, कमर खोंसनी, अंगूठी, ताबीज, कान की टप, हाथ का कड़ा, लॉकेट तथा मदर टेरेसा लॉकेट सहित अन्य आभूषण शामिल होने की जानकारी दी है। इसके अलावा आरोपी के बताए अनुसार सिटी गोल्ड के गले के हार, हाथ के पंजे, कमर खोंसनी, गले की चेन, हाथ के कड़ा/कंगन, कान की बाली एवं अन्य आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने वीवो कंपनी के दो काले रंग, एक नीले रंग और एक आसमानी रंग के स्विच ऑफ मोबाइल फोन, जबकि आईटेल कंपनी का एक लाइट ग्रीन रंग का स्विच ऑफ मोबाइल भी बरामद किया है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
छापेमारी टीम में शामिल थे पुलिस पदाधिकारी
छापेमारी टीम में आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान, पुअनि योगेश रजक, सअनि रोपना राम कांशी, आरक्षी 199 राजेंद्र नाथ किस्कू एवं आरक्षी 266 विश्वनाथ ठाकुर शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई एवं अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
