कुचाई, सरकारी संस्थानों से लेकर स्कूलों तक मना आजादी का जश्न,राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र, शान से लहराया तिरंगा,
Kuchai
कुचाई। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कुचाई प्रखंड देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। सरकारी कार्यालयों से लेकर शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों तक तिरंगा शान से लहराता दिखा। राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में बीडीओ साधुचरण देवगम, अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी एवं जिला परिषद सदस्य जिंगी हेंब्रम ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।
सरकारी कार्यालयों से स्कूलों तक हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुचाई के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में भी समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में वार्डेन चंचला बांकिरा, प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापिका विजयलक्ष्मी प्रधान तथा बीआरसी कार्यालय में बीईईओ संजय कुमार जोशी ने तिरंगा फहराया।
कुचाई थाना परिसर में थाना प्रभारी रविंद्र मुंडा और दलभंगा ओपी में ओपी प्रभारी सतीश वर्णवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। वहीं कुचाई लैम्प्स परिसर में लाबू राम सोय ने ध्वजारोहण किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचाई में एमओ प्रभारी डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू, मध्य विद्यालय कुचाई में प्रधानाध्यापक उत्तम प्रधान तथा उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक ज्ञान रंजन ने ध्वजारोहण किया। विभिन्न संस्थानों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
समारोह में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत करने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
