जिला फुटबॉल सुपर लीग: प्रधानगोडा ने मातकमडीह को 4-2 से हराया, अर्जुना कप में शानदार आगाज,
kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला फुटबॉल सुपर लीग-2026 अर्जुना कप के तहत मंगलवार को अर्जुना स्टेडियम खरसावां में एसएमसी प्रधानगोडा और एसएफए मातकमडीह के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इसमें एसएमसी प्रधानगोडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मातकमडीह को 4-2 से पराजित कर लीग में जीत के साथ आगाज किया।

मैच की शुरुआत से ही प्रधानगोडा की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। 11वें मिनट में रांगा कुरली ने बेहतरीन गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 27वें मिनट में मोहन सिंह सोय ने गोल दागा, जबकि 33वें मिनट में राम धन ने गोल कर प्रधानगोडा की बढ़त 3-0 कर दी। पहले हाफ तक प्रधानगोडा ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली थी।
दूसरे हाफ में मातकमडीह ने जोरदार वापसी की कोशिश की। टीम के सुखराम सोरेन ने लगातार दो गोल दागकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया और स्कोर 3-2 पर पहुंचा दिया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच जीत के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। हालांकि, मैच के अंतिम समय में प्रधानगोडा के मधु सोय ने शानदार गोल कर अपनी टीम की बढ़त 4-2 कर दी। इसके बाद मातकमडीह की टीम वापसी नहीं कर सकी और प्रधानगोडा ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अगला मुकाबला 12 अगस्त को
जिला फुटबॉल सुपर लीग-2026 में बुधवार, 12 अगस्त को अर्जुना स्टेडियम खरसावां में बीपीएस हाथीटांड़ का मुकाबला यूथ क्लब खामारडीह से होगा। यह मैच दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा।
