खरसावां में जिला महिला फुटबॉल लीग के लिए
खरसावां फुटबॉल क्लब का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू,
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 40 खिलाडियों ने लिया हिस्सा
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन (डीएसए) द्वारा आयोजित होने वाली जिला महिला फुटबॉल लीग की तैयारी को लेकर खरसावां फुटबॉल क्लब का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर गुरुवार को प्रारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन अशोका इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन अशोक प्रधान एवं डीएसए के सचिव मोहम्मद दिलदार ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर अशोक प्रधान ने महिला खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन का यह मंच खिलाडियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बेहतर अवसर हासिल करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का लोहा मनवा रही हैं और खेल जगत में भी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों से बडी संख्या में महिला खिलाडियों की भागीदारी इस क्षेत्र में फुटबॉल के बढते आकर्षण और लोकप्रियता का प्रमाण है। प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्र से 40 महिला फुटबॉल खिलाडियों ने भाग लिया। दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के बाद टीम का अंतिम चयन किया जाएगा, जो जिला महिला फुटबॉल लीग में खरसावां फुटबॉल क्लब का प्रतिनिधित्व करेगी। इस दौरान आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक बलराम महतो, संजय सुंडी एवं डीएसए के पिनाकी रंजन ने खिलाडियों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ खेल कौशल को निखारने के लिए आवश्यक टिप्स भी दिए। खिलाडियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया।
