जिला फुटबॉल लीग-2026: खूंटपानी को 4-0 से रौंदकर हाथीटांड़ सुपर-5 में, अयांश पावर ईचागढ़ की भी जीत
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग (अर्जुना कप)-2026 के तहत रविवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में खेले गए मुकाबलों में बीपीएस हाथीटांड़ और अयांश पावर ईचागढ़ ने शानदार जीत दर्ज की। हाथीटांड़ ने गॉड फादर खूंटपानी को 4-0 से करारी शिकस्त देकर सुपर-5 लीग में प्रवेश करने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया।

पहले मैच में शुरुआत से ही बीपीएस हाथीटांड़ ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच के 23वें मिनट में रतन हांसदा ने शानदार गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद 30वें मिनट में फागू हांसदा ने दूसरा गोल दागकर पहले हाफ तक अपनी टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में दुर्गा मारडी और अनिल मारडी ने एक-एक गोल कर टीम की 4-0 की शानदार जीत सुनिश्चित की। इस जीत के साथ हाथीटांड़ ने अपने ग्रुप के सभी चार मुकाबले जीतकर सुपर-5 लीग में जगह बना ली।
दिन के दूसरे मुकाबले में एवरेस्ट क्लब मुंडाटांड़ और अयांश पावर ईचागढ़ के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पूरे मैच में दोनों टीमों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन सपन हांसदा द्वारा किए गए एकमात्र गोल की बदौलत अयांश पावर ईचागढ़ ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। जिला फुटबॉल लीग में रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है और आगामी मुकाबलों पर फुटबॉल प्रेमियों की नजरें टिकी हुई हैं। 27 जुलाई के मुकाबले अर्जुना स्टेडियम, खरसावां मे दोपहर 2:00 बजे: एसएमसी प्रधानगोड़ा बनाम डीपीएफसी खरसावां एवं अपराह्न 3:30 बजे: तुडीयान एफसी बनाम ग्रीन एरिया क्लब, दलभंगा का मुकाबला होगा।
