महिला शिक्षिका से मारपीट मामले में शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी, निलंबन की प्रक्रिया शुरू
Seraikella
सरायकेलाः उत्क्रमित मध्य विद्यालय केंदुआ में महिला शिक्षिका के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में आरोपी शिक्षक अजय कुमार महतो पर विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला शिक्षा विभाग की जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि की है। रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक के निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अंतिम निर्णय अब जिला स्थापना समिति और उपायुक्त के स्तर पर लिया जाएगा।

जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) अमित कुमार ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है, जहां महिलाओं के सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिक्षक द्वारा हिंसक या अमर्यादित व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और दोषी पाए जाने पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

डीएसई के अनुसार, जांच समिति ने शिक्षक अजय कुमार महतो के विरुद्ध लगाए गए आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाया है। रिपोर्ट को अब जिला स्थापना समिति के समक्ष रखा जाएगा, जिसके बाद उपायुक्त के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई होगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार आरोपी शिक्षक के निलंबन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
महिला शिक्षिका की शिकायत के बाद हुई थी जांच

मामला उस समय सामने आया था जब विद्यालय की एक महिला शिक्षिका ने अपने सहकर्मी अजय कुमार महतो पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल जांच समिति गठित कर मामले की जांच शुरू की थी। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी शिक्षक की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

आरोपी शिक्षक ने भी दर्ज कराई शिकायत
मामले ने अब नया मोड़ भी ले लिया है। आरोपी शिक्षक अजय कुमार महतो ने पलटवार करते हुए सहकर्मी शिक्षिका अनुप्रिया सिंह पर बच्चों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने एक छात्र के अभिभावक के माध्यम से सीनी ओपी में शिकायत दर्ज कराई है।
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर रही है। पुलिस की जांच जारी है, जबकि शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की दिशा लगभग स्पष्ट हो चुकी है।
ग्राम शिक्षा समिति ने शिक्षक को हटाने की मांग की
लगातार हो रहे विवादों से नाराज ग्राम शिक्षा समिति, विद्यालय प्रबंधन समिति और अभिभावकों ने 17 जुलाई को विशेष बैठक कर आरोपी शिक्षक को विद्यालय से हटाने की मांग की। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर अजय कुमार महतो को अन्यत्र पदस्थापित करने की अनुशंसा की गई।
समिति ने बैठक की कार्यवाही, अनुशंसा पत्र एवं संबंधित दस्तावेज जिला शिक्षा अधीक्षक और उपायुक्त को सौंप दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों के आपसी विवाद से बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विद्यालय में अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बहाल करने के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, एक ओर पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग की प्रस्तावित विभागीय कार्रवाई और ग्रामीणों की अनुशंसा पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
