जिला फुटबॉल लीग: सेरेंगदा और खामरडीह की शानदार जीत, रोहित कुदादा ने जमाई हैट्रिक
Seraikella
खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना कप-2026 के तहत मंगलवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले गए मुकाबलों में सेरेंगदा एफसी और यूथ क्लब खामरडीह ने शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मैच में खामरडीह के रोहित कुदादा ने हैट्रिक लगाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहले मुकाबले में सेरेंगदा एफसी ने डीपीएफसी खरसावां को 2-1 से हराया। मैच के 14वें मिनट में रोहित सरदार ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 24वें मिनट में रोहिन लोहरा ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। डीपीएफसी की ओर से 29वें मिनट में कानू होनहागा ने गोल दागकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन अंतिम समय तक दोनों टीमों के प्रयास के बावजूद स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ और सेरेंगदा ने 2-1 से जीत दर्ज की।

दूसरे मुकाबले में यूथ क्लब खामरडीह ने कृष इलेवन जोजोडीह को 3-1 से पराजित किया। खामरडीह के स्टार खिलाड़ी रोहित कुदादा ने पहले हाफ में ही 7वें, 19वें और 27वें मिनट में लगातार तीन गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में जोजोडीह की ओर से रोशन हांसदा ने एक गोल कर अंतर कम किया, लेकिन टीम वापसी नहीं कर सकी और खामरडीह ने 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पहले मैच में धनंजय कालिंदी, कृष्णा पाड़िया, रोहित हेंब्रम और विशाल गोप ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई। वहीं दूसरे मैच में तपन नायक, दिकू हेंब्रम, संतोष महतो और प्रकाश गागराई रेफरी रहे।
22 जुलाई के मुकाबले (बिरसा स्टेडियम, सरायकेला):
दोपहर 2:00 बजे: वाईबीएफसी राजनगर बनाम गॉड फादर खूंटपानी
अपराह्न 3:30 बजे: ट्रिपल ए हरिहरपुर बनाम बीपीएस हाथीटांड़।
