जिला स्तरीय स्विमिंग ट्रायल में 46 तैराकों ने दिखाई प्रतिभा, 12 का राज्य प्रतियोगिता के लिए चयन
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्विमिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को जिला स्तरीय जूनियर तैराकों का चयन ट्रायल आयोजित किया गया। सोना नदी में आयोजित इस ट्रायल प्रतियोगिता में 22 बालक एवं 24 बालिकाओं सहित कुल 46 तैराकों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 12 प्रतिभागियों का चयन किया गया। अंतिम चयन के बाद जिले की टीम 24 से 26 जुलाई तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्विमिंग पूल, होटवार (रांची) में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर एवं जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
जिला स्विमिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सब जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिकाएं फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई, इंडिविजुअल मेडले (आईएम), मेडले रिले सहित विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, गति और सहनशक्ति का मूल्यांकन किया गया। इस अवसर पर जिला स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, प्रशिक्षक सुदामा सिंहदेव, सत्यनारायण प्रधान, रतन महतो सहित कई खेल पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास करने का आग्रह किया।
