जिला फुटबॉल लीग: बीपीएस हाथीटांड़ ने एनएससी बुरुडीह को 5-2 से हराया
Seraikella
खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2026 के तहत गुरुवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में बीपीएस हाथीटांड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एनएससी बुरुडीह को 5-2 से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की।
मैच की शुरुआत से ही बीपीएस हाथीटांड़ ने आक्रामक खेल दिखाया। 12वें मिनट में रतन हासदा ने पहला गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद 14वें और 22वें मिनट में मुनीराम किस्कु ने लगातार दो गोल दागे। 32वें मिनट में रतन हासदा ने अपना दूसरा गोल करते हुए पहले हाफ में ही टीम को 5-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ में एनएससी बुरुडीह ने वापसी की कोशिश की। टीम के राजू बानरा ने 46वें और 52वें मिनट में लगातार दो गोल कर मुकाबले को रोमांचक बनाने का प्रयास किया, लेकिन अंततः बीपीएस हाथीटांड़ ने 5-2 से जीत अपने नाम कर ली।
दिन का दूसरा मुकाबला सुमित स्पोर्टिंग सीनी और अयांश पावर ईचागढ़ के बीच खेला गया।
मैच में संतोष महतो, जगदीश टुडू, रतन मुर्मू एवं सुखदेव गौड़ ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई।
11 जुलाई के मुकाबले
स्थान: अर्जुना स्टेडियम, खरसावां
दोपहर 2:00 बजे: रीडिंग एफसी बनाम डीकेएमसी नारायणबेड़ा
अपराह्न 3:30 बजे: आरएफटीसी खरसावां बनाम डीपीएफसी खरसावां
