विकास योजनाओं के उद्घाटन को लेकर राजनीतिक तकरार, प्रोटोकॉल उल्लंघन का आरोप
Seraikella
सरायकेला। नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के प्रस्तावित उद्घाटन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्य ने आरोप लगाया है कि स्थानीय विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को आमंत्रित किए बिना उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही थी, जिसका उन्होंने विरोध किया।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में आचार्य ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के कार्यकाल में स्वीकृत करीब 15 विकास योजनाओं के उद्घाटन की तैयारी की गई थी। उनका आरोप है कि कार्यक्रम की सूचना स्थानीय विधायक को नहीं दी गई और सरकारी प्रोटोकॉल की अनदेखी करते हुए उद्घाटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने मामले से उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, नगर पंचायत पदाधिकारी तथा विधायक को अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि सरकारी एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में स्थानीय विधायक को आमंत्रित करना निर्धारित प्रोटोकॉल का हिस्सा है। जनप्रतिनिधि की उपेक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के जनादेश का अपमान है। आचार्य ने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं के उद्घाटन को निजी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया।
विधायक प्रतिनिधि ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, प्रोटोकॉल उल्लंघन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में नगर पंचायत की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
