डेम से युवक का शव मिलने पर हत्या की आशंका, गांव में सनसनी
दो दिनों से लापता था 21 वर्षीय सूरज मार्डी, पुलिस ने शुरू की जांच
Seraikella
सरायकेला थाना क्षेत्र के दावना गांव में पिछले दो दिनों से लापता 21 वर्षीय युवक सूरज मार्डी का शव शुक्रवार को गांव के डेम से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने डेम में शव तैरता देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार सूरज मार्डी 24 जून को डेम में मछली पकड़ने गया था। बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था।
मृतक की मां ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सूरज की मौत सामान्य रूप से डूबने से नहीं हुई है।
घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
