खरसावां-सीनी मार्ग के संतारी में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बाइक, एक की मौत, दो घायल
kharsawan
खरसावां-सीनी मुख्य मार्ग पर संतारी गांव के समीप सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार खरसावां प्रखंड के रायडीह निवासी पिंकू मुंडारी (31), पिता देवीलाल मुंडारी, शशि सरदार (28), पिता मनीष सरदार तथा विशाल सरदार (23), पिता सनातन सरदार एक पल्सर बाइक से कुचाई साप्ताहिक हाट गए थे। हाट से खरीदारी कर तीनों देर शाम अपने गांव रायडीह लौट रहे थे।

इसी दौरान शाम करीब छह बजे उत्क्रमित मध्य विद्यालय संतारी के समीप स्थित घुमावदार मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क किनारे झाड़ियों को चीरते हुए एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अर्जुन सोरेन ने पिंकू मुंडारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शशि सरदार की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल सरायकेला रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि शशि सरदार का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है तथा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। जबकि विशाल सरदार के पैर में चोट लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। इस हादसे से रायडीह गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
