झारखंड में बढ़ती गर्मी के बीच स्कूलों के समय में बदलाव, 21 अप्रैल से लागू होगा नया आदेश,
Seraikella
रांची: राज्य में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव का महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और अगले आदेश तक लागू रहेगा।
जारी निर्देश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में कक्षा K.G. से लेकर कक्षा 8 तक की पढ़ाई सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित की जाएगी। वहीं कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को शेष समय, यानी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
सरकार का यह निर्णय छात्रों को भीषण गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश को विभागीय सचिव की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।