खूंटपानी के गदाहातु राजाबासा में मागे पोरोब की
तैयारी पर हुई ग्रामसभा, 10 अप्रैल को होगा मागे पोरोब,
संस्कृति व परंपरा से जुडा है मागे पोरोब-गागराई,
Khutpani
खूंटपानी प्रखंड के गदाहातु पंचायत अंतर्गत राजाबासा गांव में आगामी 10 अप्रैल 2026 को पारंपरिक मागे पोरोब धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर गांव में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मागे पोरोब के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी 12 अप्रैल को “मागे सुसुन बडा बादी” के तहत खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्थानीय युवाओं, बच्चों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

कार्यक्रम की सफलता को लेकर राजाबासा में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, जिम्मेदारियों का बंटवारा तथा विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान खरसावां विधायक दशरथ गागराई भी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को मागे परब की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मागे पोरोब क्षेत्र की परंपरा व संस्कृति से जुडा हुआ है। यह पर्व आपसी भाईचारा बनाएं रखने तथा एक-दूसरे को सहयोग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों को मागे पोरोब की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे पारंपरिक पर्व हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस बैठक में बडी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर इस वर्ष के मागे पोरोब को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया।
