सरायकेला: झामुमो के बयान पर भाजपा का पलटवार, नगर अध्यक्ष बीजू दत्ता ने साधा निशाना,
Seraikella
सरायकेला। जिले की सियासत में बयानबाज़ी तेज हो गई है। झामुमो के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष बीजू दत्ता ने पार्टी पर “निष्ठुर राजनीति” करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल तथ्यहीन है, बल्कि वर्षों से पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं के योगदान का भी अपमान है।
बीजू दत्ता ने कहा कि समाजसेवी पवन कवि के कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग भाजपा में शामिल हुए हैं, जिनमें कई पूर्व झामुमो कार्यकर्ता भी रहे हैं। ऐसे में यह कहना कि भाजपा में शामिल हुए लोग झामुमो से जुड़े नहीं थे, वास्तविकता से आंख मूंदने जैसा है।
उन्होंने कहा कि सरायकेला की जनता सब जानती है और उन चेहरों को भली-भांति पहचानती है, जिन्होंने वर्षों तक झामुमो के लिए काम किया। “हर चुनाव और हर अभियान में जो कार्यकर्ता दिन-रात जुटे रहे, आज उन्हें अपना मानने से इनकार करना राजनीतिक अवसरवादिता का उदाहरण है,” उन्होंने कहा।
भाजपा नगर अध्यक्ष ने झामुमो के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि जब तक कार्यकर्ताओं से राजनीतिक लाभ मिलता रहा, तब तक उन्हें महत्व दिया गया, लेकिन जैसे ही उन्होंने वैचारिक मतभेद के चलते अलग राह चुनी, उन्हें नकार दिया गया। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
उन्होंने आगे कहा कि जनता अब जागरूक है और वह बयानबाज़ी व हकीकत के बीच अंतर समझती है। “राजनीति केवल सत्ता तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह जनसेवा और विकास का माध्यम होनी चाहिए,” दत्ता ने कहा।
बीजू दत्ता ने भरोसा जताया कि भाजपा अपने मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के साथ जनता के बीच कार्य करती रहेगी और झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता अपने मत के माध्यम से जवाब देगी।
