पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी (100वीं जयंती) वर्ष के उपलक्ष्य में जिले में आयुष बेस्ड प्रीवेंटिव हेल्थ केयर अवेयरनेस ड्राइव का किया जा रहा है आयोजन,
Seraikella Kharsawan
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के निर्देश पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी (100वीं जयंती) वर्ष के उपलक्ष्य में जिले में आयुष बेस्ड प्रीवेंटिव हेल्थ केयर अवेयरनेस ड्राइव का आयोजन शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में आयुष निदेशालय, झारखंड द्वारा सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम कुमारी ने बताया कि यह विशेष जागरूकता अभियान भारत सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत पूर्व प्रधानमंत्री के जन्म शताब्दी वर्ष (25 दिसंबर 1924 – 25 दिसंबर 2024) को “सदैव अटल” थीम के साथ पूरे वर्ष मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में प्रीवेंटिव हेल्थ केयर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविर, आयुष परामर्श केंद्र, और योग-प्राणायाम सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे आमजन को प्राकृतिक चिकित्सा होम्योपैथी, आयुर्वेद पद्धतियों के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में औषधीय एवं उपयोगी पौधों का वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। तुलसी, अशोक, गिलोय, नीम, आंवला सहित कई औषधीय पौधों को रोपित कर लोगों को उनके महत्व से अवगत कराया जाएगा।डॉ. पूनम कुमारी ने बताया कि यह अभियान न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि आयुष पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आने वाले दिनों में कार्यक्रमों की विस्तृत तिथि और स्थान जिला आयुष कार्यालय द्वारा जारी किए जाएंगे।