खरसावां में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा श्रद्धालुओं के
लिए आस्था, ज्ञान और भक्ति का केंद्र बनी, कथा मानसिक शांति और
जीवन को सार्थक बनाने का सशक्त माध्यम है- कथावाचक,
Kharsawan
खरसावां के बेहरासाई सामुदायिक भवन में रामकृष्ण कथा समिति के द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा इन दिनों श्रद्धालुओं के लिए आस्था, ज्ञान और भक्ति का केंद्र बनी हुई है। सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में बडी संख्या में लोग शामिल होकर कथा श्रवण कर रहे हैं और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

कथावाचक रजत रसराज महाराज अपने प्रवचन में कहा कि भागवत कथा का श्रवण मुख्य रूप से मोक्ष की प्राप्ति, पापों के नाश, और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति बढाने के लिए किया जाता है। यह कथा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि मानसिक शांति और जीवन को सार्थक बनाने का भी एक सशक्त माध्यम मानी जाती है। उन्होने कहा कि भागवत कथा सुनने से व्यक्ति के पूर्व और वर्तमान पापों का नाश होता है तथा उसे मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग मिलता है। यह कथा जीवन के अंतिम समय ही नहीं, बल्कि सामान्य जीवन में भी आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती है। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया गया। जिससे श्रद्धालुओं के मन में भक्ति और प्रेम की भावना जगती है। यह कथा ज्ञान और वैराग्य का संदेश देकर जीवन की वास्तविकता को समझने में मदद करती है। कथावाचक ने बताया कि भागवत कथा का मूल आधार शुकदेव मुनि और राजा परीक्षित की कथा है। जब राजा परीक्षित को सात दिनों में मृत्यु का शाप मिला, तब उन्होंने सांसारिक मोह त्यागकर शुकदेव मुनि से भागवत कथा का श्रवण किया। शुकदेव मुनि ने उन्हें सात दिनों तक भागवत का ज्ञान देकर यह सिखाया कि मृत्यु से भयभीत होने के बजाय ईश्वर का स्मरण और समर्पण ही जीवन का सबसे बडा धर्म है। कथा के अंत में राजा परीक्षित को मोक्ष की प्राप्ति हुई। यह श्रीमद्भागवत कथा न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि यह जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्ग भी है, जो व्यक्ति को भक्ति, ज्ञान और मोक्ष की ओर अग्रसर करता है।
कलियुग में सबसे सरल साधन
धर्मग्रंथों में वर्णित है कि कलियुग में भगवान को पाने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय भागवत कथा का श्रवण है। यही कारण है कि इस प्रकार के आयोजनों में लोगों की आस्था दिन-प्रतिदिन बढती जा रही है।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
स्थानीय स्तर पर आयोजित इस कथा में श्रद्धालु बडी संख्या में भाग लेकर भक्ति रस में डूबे नजर आ रहे हैं। आयोजन स्थल पर भजन-कीर्तन और प्रवचन के माध्यम से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
