सरायकेला के नुआगांव में नेशनल वैक्सीनेशन डे पर चला विशेष टीकाकरण अभियान, मानव व पशु स्वास्थ्य पर दिया गया जोर, गाय-भैंस जैसे पशु ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं- डॉ विशाल कुमार
Seraikella
सरायकेला प्रखंड के अतर्गत में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों सहित नुआगांव पंचायत सचिवालय में नेशनल वैक्सीनेशन डे के अवसर पर संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत विशेष टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानव और पशु दोनों के स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों और पशुपालकों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

इस दौरान डॉक्टर विशाल कुमार ने मानव शरीर में होने वाली विभिन्न बीमारियों और उनसे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अन्य लोगों को कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है। वहीं पशुपालन विभाग की ओर से भी पशुओं के टीकाकरण पर विशेष जोर दिया गया। डॉ कुमार ने बताया कि गाय-भैंस जैसे पशु ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने फुट-एंड-माउथ डिजीज, ब्रुसेलोसिस और लंपी स्किन डिजीज जैसी संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर टीकाकरण कराने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, साफ-सफाई, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही प्रदर्शन के माध्यम से कुछ पशुओं को टीका लगाकर प्रक्रिया को समझाया गया, जिससे ग्रामीणों को व्यावहारिक जानकारी मिली। इस मौके पर आकांक्षी प्रखंड फेलो प्रीति सिन्हा, एएनएम लक्ष्मी बोदरा, स्वास्थ्य सहिया, आंगनवाड़ी सेविका, झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन समिति के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों से अपने बच्चों और पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की गई।
