सरायकेला नगर पंचायत के उपाध्यक्ष चुनाव में नामांकन
वापसी के आखिरी क्षणों में पासा पूरी तरह पलटा, नाटकीय घटनाक्रम
के बीच अविनाश कवि निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित,
Seraikella
सरायकेला नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए लंबे समय से चल रही राजनीतिक खींचतान का अंत आखिरकार एक नाटकीय घटनाक्रम के साथ संर्पन्न हुआ। वार्ड संख्या आठ के पार्षद अविनाश कवि को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुन लिया गया है। इस चुनावी प्रक्रिया में अंतिम समय तक अनिश्चितता बनी रही, लेकिन नामांकन वापसी के आखिरी क्षणों में पासा पूरी तरह पलट गया। मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने तक मैदान में दो मुख्य दावेदार थे। वार्ड संख्या आठ से अविनाश कवि और वार्ड संख्या एक से उत्तम कुमार महांती। दोनों ही प्रत्याशियों ने अपनी ओर से पूरा जोर लगा रखा था। हालांकि जैसे ही नामांकन वापसी का समय करीब आया, माहौल पूरी तरह बदल गया। अविनाश कवि के पक्ष में पार्षदों का भारी समर्थन और एकजुटता देख उत्तम कुमार महांती ने पीछे हटने का फैसला किया। उन्होंने समय सीमा समाप्त होने से महज तीन मिनट पहले, यानी सुबह 11.57 बजे अपना नाम वापस लेने की घोषणा कर दी। नाम वापसी का समय 11.45 से 12 बजे तक था। उनके इस कदम ने अविनाश कवि के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ कर दिया। निर्वाची पदाधिकारी अंजय कुमार तिर्की ने अविनाश कवि के निर्विरोध जित की घोषणा करते हुए उन्हे सर्टिफिकेट प्रदान कर बधाई दी। इससे पहले जिला समाहरणालय स्थित सभागार में नगर पंचायत सरायकेला के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को जिला समाहरणालय स्थित सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम सुबह 10 बजे आयोजित किया गया, जिसमें नगर क्षेत्र के सभी 11 वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे। इस दौरान उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज चौघरी सहित सभी पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही नगर पंचायत में नई टीम ने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। शपथ ग्रहण के बाद निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया कराई गई। नियमानुसार वार्ड पार्षदों में से ही एक सदस्य को उपाध्यक्ष चुना जाना था। इस पद के लिए वार्ड संख्या 8 के पार्षद अविनाश कवि एवं वार्ड संख्या 1 के पार्षद उत्तम कुमार महांती ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान दोनों प्रत्याशियों को नामांकन का अवसर दिया गया, जिसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया शुरू हुई। इस क्रम में उत्तम महंती ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद अविनाश कवि को निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

15 मार्च से भूमिगत थे पार्षद
इस चुनाव की सबसे दिलचस्प कड़ी वह रही, जब नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी के नेतृत्व में आठ पार्षद रहस्यमय ढंग से लापता हो गए थे। विगत 15 मार्च को ही अध्यक्ष मनोज चौधरी इन पार्षदों को लेकर कहीं चले गए थे। जिससे राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म था। कई लोग इसे रिजॉर्ट पॉलिटिक्स से जोड़कर देख रहे थे। आज अपनी वापसी पर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए बताया कि वे किसी राजनीतिक दबाव या रणनीति के तहत नहीं, बल्कि धार्मिक यात्रा पर थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सभी आठ पार्षदों और उनके परिवारों के साथ भगवान जगन्नाथ महाप्रभु का आशीर्वाद लेने पुरी (ओडिशा) गए थे।
समर्थकों में जश्न का माहौल
निर्विरोध जीत की घोषणा होते ही अविनाश कवि के समर्थकों ने नगर पंचायत कार्यालय के बाहर जमकर जश्न मनाया। नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने अपनी जीत का श्रेय सभी पार्षदों के विश्वास और नगर पंचायत की जनता को दिया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य नगर का सर्वांगीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना होगा। नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि अब पूरी टीम एकजुट होकर सरायकेला के विकास के लिए काम करेगी।
