प्रशिक्षु आईएएस की टीम पहुंची सरायकेला, आकांक्षी योजनाओं का करेगी फील्ड निरीक्षण
Seraikella
सरायकेला। भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी योजनाओं की गुणवत्ता और प्रभाव का आकलन करने के लिए रविवार को 16 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की टीम सरायकेला-खरसावां जिले पहुंची।

टीम को तीन समूहों में विभाजित किया गया है, जो जिले के तीन आकांक्षी प्रखंड सरायकेला, कुकुड़ू और गम्हरिया का फील्ड विजिट कर रही है। प्रत्येक टीम अपने-अपने क्षेत्र में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

फील्ड विजिट से पहले रविवार दोपहर समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं उप विकास आयुक्त रीना हांसदा के साथ सभी प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की बैठक हुई। उपायुक्त ने इस दौरान भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार योजनाओं की समीक्षा और रिपोर्टिंग प्रक्रिया की जानकारी दी, ताकि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

गम्हरिया टीम में आयुष्य सैनी, सोमेश सोनी, सभीका पाठक, अजय काशीराम, मकवाना भार्गव महेश कुमार और अक्षिता त्रिवेदी शामिल हैं। सरायकेला टीम में चक्का स्नेहित, गणना वेंकटेश नरेश, मानव जैन, कुणाल हरितास, प्रतीक सिसोदिया और हेमराज मीणा, जबकि कुकुड़ू टीम में राहुल राघवन, अंकित पांडे, सोमेधा मिश्रा, गंगा गोपी, केतम शुक्ला और निशिकांत शामिल हैं। रविवार शाम तक सभी टीमें अपने-अपने पंचायतों में पहुंच गईं और सोमवार सुबह से फील्ड विजिट की शुरुआत कर ग्रामीणों से मुलाकात भी की।
