श्री श्री बजरंगबली मंदिर प्राण प्रतिष्ठा एवं देवसभा महोत्सव के तीसरे दिन की संध्या भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रही
Seraikella
सरायकेला। श्री श्री बजरंगबली मंदिर प्राण प्रतिष्ठा एवं देवसभा महोत्सव 2025 के तीसरे दिन रविवार की संध्या भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रही। इस दस दिवसीय धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों सहित सरायकेला, खरसावां एवं जमशेदपुर क्षेत्र से भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर प्रांगण में आरती, भजन और कथा वाचन के बीच पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखा गया।आयोजन समिति की ओर से दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, वहीं शाम के मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के श्रीधाम गोवर्धन से पधारे प्रख्यात कथा वाचक आचार्य बनवारी लाल शास्त्री जी ने श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, ध्रुव दर्शन, राम अवतार एवं भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता की गहराइयों में डुबो दिया। कथा के दौरान जब शास्त्री जी ने नंद उत्सव और गोकुल की बाल लीलाओं का वर्णन किया तो पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। श्रोताओं ने मंत्रमुग्ध होकर कथाओं का रसपान किया।कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजन समिति के प्रमुख शंभू मंडल ने आचार्य बनवारी लाल शास्त्री का विधिवत स्वागत किया और उन्हें माल्यार्पण कर अभिनंदित किया। मंच संचालन समिति सदस्यों द्वारा किया गया, वहीं मंच पर स्थानीय पुजारीगण और ग्राम प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर सुसज्जित पंडाल, दीप सज्जा और पुष्प शृंगार से वातावरण अत्यंत मनोहरी प्रतीत हो रहा था।महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सहभागिता ने आयोजन को सामुदायिक स्वरूप प्रदान किया। भक्तगणों द्वारा “जय श्रीराम” और “हरि बोल” के उद्घोष के साथ पूरे क्षेत्र में आस्था और आनंद का माहौल बन गया। बताया गया कि आगामी दिनों में मंदिर में रोजाना संध्या आरती, प्रवचन और भंडारे का आयोजन जारी रहेगा। यह महोत्सव 12 नवंबर को पूर्णाहुति और विशाल भंडारा
