जिला आरक्षी अधीक्षक ने किया खरसावां थाना का औचक निरीक्षण, पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश,
Kharsawan
सरायकेला खरसावां जिला आरक्षी अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने शनिवार को खरसावां थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, अभिलेखों एवं लंबित कांडों की गहन समीक्षा की। एसपी ने थाना प्रभारी सहित सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने वारंटियों की गिरफ्तारी, कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया में तेजी लाने और फरार आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में साफ-सफाई की स्थिति, हथियारों का रख-रखाव, सीसीटीवी कार्यप्रणाली एवं ड्यूटी रजिस्टर की भी जांच की।

उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।एसपी लुनायत ने स्थानीय स्तर पर हो रहे अड्डाबाजी, नशाखोरी एवं छोटी-मोटी आपराधिक गतिविधियों पर भी चिंता जताई और कहा कि इस पर थाना स्तर से सघन निगरानी रखी जाए।

उन्होंने नियमित गश्ती, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने की बात कही।

वही खरसावां निवासियों से संवाद करते हुए एसपी ने अपील की कि आमजन भी अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा, “जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।” इसका अलावा दुर्गा पूजा पंडालो का भी निरीक्षण करके दिशा निर्देश दिया।
