उपायुक्त ने प्रधानमंत्री जन-मन एवं आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न,
Seraikella
सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त, श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में “प्रधानमंत्री जन-मन एवं आदि कर्मयोगी अभियान” के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से अभियान से जुड़ी सभी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की गई। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आदिम जनजातीय ग्रामों एवं वंचित परिवारों तक शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुँचाना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण, जन-सहभागिता एवं जागरूकता प्रसार पर विशेष बल दिया जाए।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 624 परिवार आदिम जनजातीय (PVTG) ग्रामों के अंतर्गत आते हैं। इन परिवारों के सर्वांगीण विकास हेतु स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, आवास, आजीविका एवं डिजिटल सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं को समेकित रूप से क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य इन परिवारों को शासन की मुख्यधारा में शामिल करना एवं उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाना है।
बैठक के क्रम में उपायुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि संबंधित विभाग अपने कार्यक्षेत्र की योजनाओं का नियमित मूल्यांकन करें। प्रत्येक प्रखंड में विशेष शिविरों (स्वास्थ्य, आधार, बैंकिंग, कौशल प्रशिक्षण) का आयोजन कर योजनाओं की पहुँच बढ़ाई जाए। PVTG ग्रामों के लिए एकीकृत विकास पैकेज तैयार किया जाए, जिसमें स्वास्थ्य, पोषण, आवास, पशुधन विकास, शिक्षा एवं आजीविका संवर्धन के सभी घटक सम्मिलित हों।
*बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा विभिन्न बिन्दुओ पर चर्चा करते हुए निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए गए* 👇🏼
🔸 आवास योजना के अंतर्गत तृतीय किश्त प्राप्त लाभुकों द्वारा आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा लंबित आवासों में गति लाई जाए।
🔸 बहुउद्देशीय केंद्र (Multipurpose Centre) के निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
🔸 वन धन केंद्र (Vandan Kendra) को नियमित एवं सक्रिय रखा जाए, जिससे स्थानीय समुदाय को आजीविका के अवसर प्राप्त हों।
🔸 सभी क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए एवं ऊँचाई वाले क्षेत्रों में स्थापित सभी टावरों को सक्रिय किया जाए।
🔸 चलंत चिकित्सकीय वाहन के माध्यम से दूरस्थ एवं पहाड़ी क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच आयोजित की जाए।
🔸 सभी छात्र-छात्राओं के बैंक खाता, आधार एवं जन्म प्रमाण पत्र का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
🔸 वंचित नागरिकों के लिए विशेष शिविर आयोजित कर आधार कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण की जाए।
🔸 प्रत्येक गाँव में आदि सेवा केंद्र विकसित कर योजनाओं का लाभ ग्राम स्तर तक पहुँचाया जाए।
🔸 सभी परिवारों को राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए तथा लंबित योजनाओं का निष्पादन शीघ्र किया जाए।
🔸 आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड से वंचित लाभुकों को शीघ्र जोड़ा जाए।
🔸 इच्छुक युवाओं एवं युवतियों को उनकी अभिरुचि के अनुरूप कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जाए।
🔸 सभी विभागाध्यक्ष एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा मासिक प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को प्रस्तुत करें।
🔸 योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभागों के बीच आपसी समन्वय एवं सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
🔸 ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं एवं ग्राम समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सुश्री रीना हांसदा, निदेशक डी आर डी ए डॉ अजय तिर्की, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री गोपी उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला – श्रीमती निवेदिता नियति, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, तथा विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
