खरसावां के हांदसा से आकर्षिणी मंदिर को जोड़ने
वाली 5.36 करोड की सड़क सुदृढीकरण कार्य को संवेदक ने
दो साल पहले जीएसबी बिछाकर छोडा, ग्रामीण परेशान,
kharsawan
खरसावां प्रखंड के अंतर्गत हांदसा से गोजूडीह होते हुए आकर्षिणी मंदिर को जोड़ने वाली 5.36 करोड की सड़क सुदृढीकरण कार्य को संवेदक ने दो साल पहले जीएसबी बिछाकर छोड दिया। जिससें ग्रामीण और राहगीरों का आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगभग साढे पांच किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण लगभग दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढीकरण योजना के तहत शुरू हुआ था। सड़क पर गिट्टी व डस्ट बिछाकर जीएसबी कार्य पूरा कर दिया गया था, लेकिन इसके बाद से निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है। करीब दो साल से काम बंद रहने के कारण सड़क पर बिछाई गयी जीएसबी परत अब खराब होती जा रही है। जगह-जगह से गिट्टियां उखड़ गयी हैं और सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गयी है।

अभी सड़क का ब्लैक टॉप (कालीकरण) कार्य बाकी है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष दो वर्ष पहले तक कार्य सुचारू रूप से चला, परंतु बाद में संवेदक द्वारा निर्माण कार्य रोक दिया गया। वर्तमान में सड़क पर केवल पत्थर ही नजर आ रहे हैं, जिससे दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों को चलने में कठिनाई हो रही है। बता दे कि सरायकेला-खरसावां मुख्यालय से हांसदा व गोजूडीह गांव होते हुए यह आकर्षिणी मंदिर को जोड़ती है। साथ ही खरसावां-उकरी जाने वाली सड़क को भी जोड़ती है। जमशेदपुर व सीनी जाने वाले अधिकांश लोग इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं। प्रत्येक दिन इस सड़क से सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। साथ ही रंगोंगोडा, गोजूडीह, हांसदा, बुरूसाई, बोंनडीह सहित अन्य गांवों के लोग भी प्रखंड मुख्यालय खरसावां इसी सड़क से पहुंचते हैं। प्रतिवर्ष मकर संक्रांति में आकर्षिणी मंदिर में लगने वाली आखान मेला में इसी सड़क से होकर भक्तों मंदिर तक पहुंचते हैं।
ग्रामीणों ने जल्द कार्य पूर्ण कराने की मांग
खरसावां के हांसदा गांव के ग्रामीणों ने बैठक कर प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर गिट्टी और डस्ट पड़े रहने से आये दिन बाइक स्किड होकर गिर रही हैं। जिससे लोगों को चोटें भी लग रही हैं। उन्होंने विभाग से तत्काल संज्ञान लेने और निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की अपील की है।
