पांच दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा पाठ के आयोजन को लेकर श्री जगन्नाथ सेवा समिति ने की बैठक।
Seraikella
सरायकेला। “बोईतो बंदाणों” के पावन अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री जगन्नाथ सेवा समिति द्वारा पंचकू स्नान से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक पांच दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर रविवार को श्री जगन्नाथ सेवा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक समिति के अध्यक्ष राजा सिंहदेव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें समिति के बादल दुबे, चिरंजीव महापात्र, परशु कवि, राजेश मिश्रा, शंकर सतपथी, सुमित महापात्र, मनबोध मिश्रा, प्रशांत महापात्र, रूपेश कुमार रथ एवं दीपेश कुमार रथ की प्रमुख उपस्थिति में सर्वसम्मति से आयोजन के मिनट टू मिनट प्रोग्राम तय किए गए।
बताया गया कि आगामी 1 नवंबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले पांच दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा पाठ में जगन्नाथ धाम पुरी से रत्नाकर नायक द्वारा भागवत पाठ किया जाएगा। 1 से 4 नवंबर तक प्रत्येक दिवस संध्या 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक भागवत पाठ का आयोजन होगा। जबकि समापन दिवस 5 नवंबर को पूर्वाहन 10:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक भागवत पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक दिवस पर महिला संप्रदाय द्वारा भजन और कीर्तन के कार्यक्रम किए जाएंगे। और प्रत्येक भागवत पाठ के पश्चात भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
