कांवड़ियों की तीन टोलियां अपना चौक, भैरव संघ और राज बांध द्वारा विशाल एवं भव्य कावड़ यात्रा से सरायकेला कला नगरी बोल बम के नारों से गूंजी
Seraikella
सावन के तीसरी सोमवारी के मौके पर कला नगरी सरायकेला के ऐतिहासिक कुदरसाही घाट स्थित बाबा बुद्धेश्वर महादेव पर जलार्पण करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. उधर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने संजय नदी से कांवर यात्रा निकाली. श्रद्धालु संजय नदी से पवित्र जल लेकर झूमते- नाचते बाबा भोलेनाथ का जयकारा लगाते हुए डीजे के धुन पर नंगे पांव लगभग 10 किलोमीटर पैदल यात्रा कर बुद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भोलेनाथ को जल अर्पण कर शांति सुख और समृद्धि की कामना की. उधर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. साथ ही जगह- जगह सेवा शिविर भी लगाया गया.

सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी श्रद्धालुओं की सेवा करते नजर आए. उन्होंने बताया कि कला नगरी के कुदरसाही स्थित बाबा बुद्धेश्वर नाथ महादेव से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है. यहां श्रद्धालु पूरे निष्ठा भाव से पहुंचते हैं और बाबा का जलाभिषेक करते हैं. उन्होंने बताया कि यह परंपरा सदियों से चली आ रही है. मान्यता है कि सावन के तीसरी सोमवारी पर बाबा बुद्धेश्वर महादेव को जल अर्पण करने से लोगों की हर मुराद पूरी होती है. उन्होंने बुद्धेश्वर महादेव से क्षेत्र के लोगों की शांति- सुख और समृद्धि की कामना की. कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह वर्धन करने के लिए जमशेदपुर से विशेष कलाकारों को बुलाया गया था. जिसमें बलदेव, त्रिपान्ना बनर्जी एवं मनप्रीत कौर टीम ने रास्ते भर श्रद्धालुओं का उत्साह वर्धन किया.
