महिला दिवस पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने विधायक सविता महतो से की शिष्टाचार मुलाकात
Seraikella
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सरायकेला नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने ईचागढ़ की विधायक सविता महतो से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधायक को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मौके पर झामुमो के वरिष्ठ नेता अमृत महतो समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नारी शक्ति का समाज के विकास में अतुलनीय योगदान है। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं घर की चौखट से लेकर अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, संघर्ष और उपलब्धियों को नमन किया।
वहीं इस मुलाकात के दौरान अध्यक्ष चौधरी ने विधायक सविता महतो से अनुरोध किया कि जल्द शुरू होने वाले झारखंड विधान सभा सत्र में जिले की समृद्ध छऊ संस्कृति, जिला स्तरीय रिंग रोड समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए।
उन्होंने बताया कि यह मुलाकात काफी सकारात्मक रही और उम्मीद जताई कि विधायक के प्रयासों से जिले के विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
