*भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना के 25वें रजत पर्व अवसर पर समाहरणालय, बिरसा चौक एवं सिद्धू–कानू पार्क में माल्यार्पण कार्यक्रम संपन्न,
Seraikella
आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना के 25वें रजत पर्व उत्सव के उपलक्ष्य में जिले के विभिन्न स्थलों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस क्रम में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुणायत एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा समाहरणालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा बिरसा चौक पर अवस्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इसके अतिरिक्त, सिद्धू–कानू पार्क में अवस्थित महान स्वतंत्रता सेनानी सिद्धू–कानू की प्रतिमाओं पर भी अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर नमन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुणायत ने जिलेवासियों को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, अमर वीर सिद्धू–कानू एवं अन्य महापुरुषों का संघर्ष, त्याग और नेतृत्व झारखंड की अस्मिता, स्वाभिमान एवं विकास की आधारशिला हैं। उनकी दूरदृष्टि, सामाजिक चेतना और न्याय की भावना राज्य को नई दिशा प्रदान करती है तथा समाज में जागरूकता, समानता एवं अधिकारों के प्रति सजगता का संदेश देती है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने का यह अवसर न केवल उत्सव का है, बल्कि यह पिछले वर्षों की उपलब्धियों के मूल्यांकन तथा भविष्य के जनसरोकारों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का भी उपयुक्त समय है। जिला प्रशासन सभी नागरिकों की सहभागिता एवं सहयोग के साथ विकास कार्यों को गति देने के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। हम सभी मिलकर झारखंड को प्रगतिशील, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाएँगे।
