सांसद के कार्यालय सहायक स्वरूप चक्रवर्ती का निधन, अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे सांसद व विधायक
Chakradharpur
चक्रधरपुर : सांसद जोबा माझी के कार्यालय सहायक स्वरूप चक्रवर्ती का रविवार की अहले सुबह निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। 53 वर्षीय स्वरूप चक्रवर्ती अविवाहित थे और लंबे समय तक चक्रधरपुर में पत्रकारिता भी की थी।

रविवार को ही उनका अंतिम संस्कार कुदलीबाड़ी स्थित शमशान घाट में कर दिया गया। इससे पहले अंतिम दर्शन के लिए सांसद जोबा माझी एवं मनोहरपुर के विधायक जगत माझी उनके रिटायर्ड कॉलोनी स्थित आवास पहुंचे थे। मालूम हो कि शांत और मृदुभाषी स्वभाव के स्वरूप चक्रवर्ती करीब दो दशक पूर्व से सांसद जोबा माझी से जुड़े हुए थे।

वह सांसद के आवासीय कार्यालय में सहायक के रूप में कार्यरत थे। उनके निधन की खबर पाकर सांसद जोबा माझी एवं विधायक जगत माझी अंतिम दर्शन किये और श्रद्धांजलि अर्पित किया। सांसद ने बताया कि स्वरूप उनके पारिवारिक सदस्य के समान थे। उनका आकस्मिक निधन से अपूरणीय क्षति हुई है। वहीं विधायक जगत माझी ने कहा आवासीय कार्यालय में उन्हें बचपन से देखते हुआ बड़ा हुआ। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके बहुत कुछ सीखने को मिला। सांसद और विधायक के साथ उनके कई मित्र और परिचित भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
