खूंटपानी में कोल्हान रक्षा संघ का महासम्मेलन, हो
भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग, हक और
अधिकारों की रक्षा के लिए सजगता जरूरी-डिंबार जोको,
Khutpani
खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत सांगाजाटा फुटबॉल मैदान में कोल्हान रक्षा संघ की ओर से महासम्मेलन का आयोजन किया गया। महासम्मेलन में “कोल्हान की दशा और दिशा” विषय पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनुभवी वक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, विचारक, अधिवक्ता तथा पारंपरिक व्यवस्था से जुड़े मानकी, मुंडा, डाकुआ, दिउरी, पाहन, परगनैत सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए।

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कोल्हान रक्षा संघ के अध्यक्ष डिंबार जोको ने हो भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर लोगों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि अपने हक और अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक समाज में न्यायपूर्ण जीवन के लिए अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। यदि किसी के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन होता है, तो नागरिक मानवाधिकार आयोग, न्यायालय या पुलिस के माध्यम से कार्रवाई कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सम्मान और भविष्य की रक्षा की लड़ाई है, जिसे जागरूकता और संघर्ष के माध्यम से ही जीता जा सकता है। श्री जोको ने कहा कि हो भाषा झारखंड की प्रमुख जनजातीय भाषाओं में से एक है और बड़ी संख्या में लोग इसका उपयोग करते हैं। इसके बावजूद अब तक इसे संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान नहीं मिल सका है। उन्होने ने कहा कि भाषा को मान्यता मिलने से इसके संरक्षण, विकास और शिक्षा में उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान निर्णय लिया गया कि हो भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा सरकार तक यह मांग मजबूती से पहुंचाई जाएगी। इसके लिए क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों को जोड़ने का भी निर्णय लिया गया। इस सम्मेलन में मुख्य रूप से डीबार जोंको, कौशलेंद्र प्रसाद, बिश्वनाथ सिंह सरदार, रविन्द्रर मंडल, पूनम हेम्ब्रम, सुखदेव हेम्ब्रम, जसी मोदी, सुरेश सोय, डोबो बुशियु, बागुन बोदरा, नवीन मुर्मू, रामराम हेम्ब्रम, कृष्णा लोमगा, मानसिंह हेम्ब्रम, लक्ष्मण मंडल, रंजू मंडल, सुमित्रा जोको, पालु माझी, रोहित सिंह हेम्ब्रम, राजीव रंजन जोको, दुर्गा चरण हेम्ब्रम, कार्तिक परीक्षा, धनपति सरदार आदि लोग उपस्थित थे।
मानदेय भुगतान व वृद्वि करने की मांग
कोल्हान रक्षा संघ की महासम्मेलन में मानकी, मुंडा, डाकुआ, ग्राम प्रधान, माझी बाबा, परगना, दिउरी लोगों का बकाया मानदेय की भुगतान करने, इसके अलावे मानकी, मुंडा, डाकुआ, एवं विभिन्न परम्पराग मानदेय पाने वाले लोगों के मानदेय में वृद्वि करने की मांग की गई।
