परंपरा और आस्था के अनुरूप सरायकेला एसडीएम ने सरकारी दुर्गा पूजा मंडप पहुंचकर मां काली की पूजा-अर्चना,
Seraikella
सरायकेला। परंपरा और आस्था के अनुरूप सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता नियति ने मंगलवार को सरकारी दुर्गा पूजा मंडप पहुंचकर मां काली की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच मां काली की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

पूजा के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात की और व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने समिति द्वारा किए गए आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सरायकेला की यह पारंपरिक पूजा सामाजिक एकता और लोक संस्कृति का प्रतीक है। मौके पर कई स्थानीय अधिकारी, कर्मी और आम श्रद्धालु भी उपस्थित रहे, जिन्होंने मां काली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
