सरायकेला के जगन्नाथपुर में पांच दिवसीय माता मनसा पूजा दो अक्टूबर से
Seraikella
सरायकेला: सरायकेला प्रखंड के जगन्नाथपुर (नुआडीह) में दो अक्टूबर विजयादशमी से पांच दिवसीय माता मनसा पूजा का भव्य आयोजन होगा. जगन्नाथपुर में वर्ष 1954 से भव्य रूप से माता मनसा पूजा का आयोजन हो रहा है. माता के प्रति भक्तों की आस्था से ही यहां माता का भव्य मंदिर बनाया गया है.

यहां के माता मनसा की ख्याति आसपास व दूरदराज क्षेत्र में विख्यात है जिसको लेकर विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ो भक्त श्रद्वालु प्रतिवर्ष माता मनसा की पूजा अर्चना करने पहुंचते है. यहां प्रतिवर्ष विजयादशमी से अगले पांच दिनो तक सभी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए भव्य रुप से माता मनसा की पूजा अर्चना की जाती है. श्री श्री सार्वजनिक माता मनसा पूजा समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रधान ने बताया इस वर्ष पूजा कार्यक्रम के तहत दो अक्टूबर विजयदशमी के दिन घटवारी पूजा के साथ विधिवत माता मनसा का आह्वान करते हुए पूजा आरंभ होगी. घटवारी कार्यक्रम के तहत स्थानीय जलाशय से कलश लाकर मां मनसा मंदिर पर स्थापित की जाएगी और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत रूप से माता की पूजा आरंभ होकर देर रात तक चलेगी. अगले दिन तीन अक्टूबर अहले सुबह से ही माता मनसा की पूजा होगी जिसमें भक्त श्रद्धालु मन्नत अनुसार बलि पूजन भी करेंगे. इस दिन रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत उड़ीसा बालेश्वर की प्रसिद्ध नाटक मंडली यात्रा श्री पंचशखा द्वारा ओड़िया नाटक तो बिना मो सपनो अधा व मो कहाणी रे तोहरी ना… का मंचन किया जाएगा. चार अक्टूबर को सुबह से मां मनसा पूजा एवं रात को नाट्य मंडली द्वारा मां मनसा मंगल नाटक का मंचन किया जाएगा. पांच अक्टूबर को सुबह मां मनसा की पूजा एवं प्रसाद वितरण तथा रात को मां मनसा जात गायन कार्यक्रम होगी जबकि पांचवें दिन छह अक्टूबर को माता मनसा पूजा के बाद विसर्जन पूजा होगा और शाम को भव्य शोभा यात्रा के साथ माता के प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा. माता मनसा पूजा के आयोजन को लेकर ग्रामवासियो द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पूजा के सफल आयोजन को लेकर पूजा समिति के साथ सभी ग्रामीण लगे हुए है.
