“एक पेड़ मां के नाम 2.0”: जिले के सरकारी विद्यालयों में छायेगी हरियाली; डीईओ ने बीआरसी सरायकेला के प्रांगण में पौधारोपण कर किया अभियान का शुभारंभ,
Seraikella
सरायकेला। जिले के सभी सरकारी विद्यालयों का परिसर हरियाली संपन्न होगा। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देश एवं पहल पर जिले में इसकी कवायद जोरों पर की जा रही है। जिसके तहत प्रखंड स्तर पर सभी विद्यालयों को निर्धारित पौधारोपण के लिए पौधों का वितरण किया जा रहा है। जिसमें विशेष रूप से फलदार और उपयोगी पौधे विद्यालयों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

“एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत विद्यालय स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने प्रखंड संसाधन केंद्र सरायकेला के प्रांगण में पौधारोपण कर किया। इस मौके पर उन्होंने समस्त जिलेवासियों और विद्यालय के छात्र-छात्राओं के नाम संदेश देते हुए कहा कि वृक्ष पर्यावरण के फेफड़े हैं। जो समस्त जीवन के लिए प्राणदायिनी और महत्वपूर्ण है। स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए हमें अपने क्षेत्र के एक तिहाई भूमि पर हरियाली विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत विद्यालयों में बच्चे पौधारोपण कर उसे अपने मां के नाम से स्थापित करेंगे। तथा उसका संरक्षण एवं विकास करेंगे। उन्होंने झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के इस पहल को पर्यावरण संरक्षण एवं विकास की दृष्टि से बेहद ही सराहनीय तथा स्कूली बच्चों के लिए जागरूकता पूर्ण बताया है। इस अवसर पर सरायकेला प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात, सरायकेला प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांतोना जेना एवं प्रखंड साधन सेवी गौतम कुमार सहित समस्त कार्यालय कर्मी और शिक्षक मौजूद रहे। इस दौरान सभी के द्वारा सरायकेला प्रखंड संसाधन केंद्र परिसर में “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत कुल 30 पौधों का रोपण किया गया।
इससे पूर्व प्रखंड संसाधन केंद्र सरायकेला से सरायकेला प्रखंड के विद्यालयों में पौधारोपण के लिए उपलब्ध कराए गए पौधों का वितरण विद्यालयों को किया गया। पौधों का वितरण करते हुए प्रखंड साधन सेवी गौतम कुमार ने बताया कि सभी नव प्राथमिक विद्यालयों एवं प्राथमिक विद्यालयों को 10-10 पौधे, सभी उत्क्रमित मध्य विद्यालयों एवं मध्य विद्यालयों को 20-20 पौधे और सभी उत्क्रमित उच्च विद्यालयों, उच्च विद्यालयों एवं जमा दो उच्च विद्यालयों को 75-75 पौधे प्रदान किए गए हैं।
