अक्षय नवमी पर हुआ आंवला वृक्ष पूजन; पूजे के भगवान श्री हरि विष्णु और माता लक्ष्मी,
Seraikella
सरायकेला। कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भक्त श्रद्धालुओं ने शुद्धता से स्नान ध्यान कर उपवास व्रत रखते हुए आंवला वृक्ष के छांव तले बैठकर भगवान श्री हरि विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि विधान के साथ आराधना की। साथ ही पुष्प एवं धूप दीप अर्पण करते हुए दूध एवं फल का चढ़ावा चढ़ाया। मौके पर भक्तों ने आंवला वृक्ष की परिक्रमा करते हुए कुष्मांड में गुप्त दान कर अपने परिवार के सुख शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की। साथ ही आंवला नवमी के कथा का श्रवण किया। धार्मिक मान्यता रही है कि अक्षय नवमी पर आंवला वृक्ष के पूजन एवं दान पुण्य से अक्षय फल की प्राप्ति होती है। मौके पर भक्त श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष के छांव तले बेहद ही शुद्धता के साथ सात्विक भोजन पकाया। और परिजनों एवं स्वजनों के साथ आंवला वृक्ष के छांव तले ही सामूहिक भोजन प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया।
