खरसावां में आयोजित हुई “आदि कर्मयोगी अभियान” कार्यशाला,
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां : खरसावां प्रखंड सभागार में आज “आदि कर्मयोगी अभियान” के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी सेवाओं के कुशल, पारदर्शी एवं उत्तरदायी संचालन हेतु अधिकारियों एवं कर्मियों को दक्ष बनाना था।
कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोकहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध सेवा वितरण तथा जन-अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण अपनाने की दिशा में प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला के दौरान यह निर्देश दिए गए कि सभी विभागीय कर्मियों को आदि कर्मयोगी पोर्टल पर पंजीकरण कर अनिवार्य रूप से ई-लर्निंग मॉड्यूल पूर्ण करना होगा। सेवा वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु नागरिकों से संवाद बढ़ाने एवं शिकायतों का त्वरित निपटारा करने पर विशेष बल दिया गया। प्रत्येक कर्मचारी को कार्यालय समय का पालन करते हुए जनता के प्रति उत्तरदायित्वपूर्ण व्यवहार अपनाने की अपेक्षा की गई। साथ ही विभागवार कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रशिक्षण के उपरांत कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव लाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्तर पर पहुँच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
