खूँटपानी के उद्यान महाविद्यालय के छात्रों की बड़ी उपलब्धि, प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन से बढ़ा क्षेत्र का मान, चयनित छात्रों को तीन लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर हुए नियुक्ति
Khutpani
खूँटपानी के उद्यान महाविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन पाकर न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। थिन शेल स्ट्रक्चर्स, पटेल नगर, हटिया (रांची) द्वारा 16 दिसंबर 2025 को आयोजित ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में बी.एस.सी. (उद्यान) विभाग के चार छात्रों—धनराज कुमार मिश्रा, सब्बा परवीन, हिमांशु कुमार एवं विशाखा सोय—का चयन ट्रेनी उद्यान पदाधिकारी के पद पर किया गया। चयनित छात्रों को तीन लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति दी गई है। ये सभी छात्र हरिणा बायोडायवर्सिटी पार्क, पोटका (जमशेदपुर) में अपनी सेवाएं देंगे।

इसी क्रम में महाविद्यालय की अंतिम वर्ष की छात्रा इशा तिवारी ने भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इशा तिवारी का चयन प्रतिष्ठित टीआरसीएससी कंपनी में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर पद पर चार लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर हुआ है। उनकी पोस्टिंग चांडिल प्रखंड में की गई है। इशा तिवारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं महाविद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।

वहीं, उद्यान महाविद्यालय के सातवें सेमेस्टर के ग्रामीण उद्यान कार्य अनुभव (आरएचडब्लूई ) कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 28 छात्रों का औद्योगिक प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया है।

इनमें से 17 छात्रों को इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) में अमृत इंटर्न के रूप में, 5 छात्रों को क्रॉपकॉइन टेक्नोलॉजीज तथा 6 छात्रों को थिन शेल स्ट्रक्चर्स में प्रशिक्षण का अवसर मिला है।

यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को उद्योग आधारित व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा। इन उपलब्धियों से महाविद्यालय के अन्य छात्रों में भी उत्साह का माहौल है और कैंपस प्लेसमेंट के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। इस अवसर पर महाविद्यालय के सह-अधिष्ठाता डॉ. अरुण कुमार सिंह ने चयन प्रक्रिया के लिए थिन शेल स्ट्रक्चर्स के प्रतिनिधि प्रिंस झा के प्रति आभार जताया और सभी चयनित छात्रों को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीण उद्यान कार्य अनुभव कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. पूजा सिंह एवं प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. अविनाश कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी उद्योगों के सहयोग से छात्रों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
